केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को महिला आरक्षण को परिसीमन के माध्यम से लागू करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी। इसके तहत लोकसभा के साथ-साथ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है। परिसीमन (II) विधेयक, 2026 में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान रखा गया है। इसका उद्देश्य संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रास्ता तैयार करना है।
850 तक पहुंच सकती है लोकसभा की सीटें:
विधेयक के अनुसार, परिसीमन आखिरी प्रकाशित जनगणना के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए कानून बनने के बाद केंद्र सरकार एक परिसीमन आयोग का गठन करेगी। प्रस्ताव के मुताबिक, परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने पर लोकसभा में कुल सीटों की संख्या बढ़कर 850 तक हो सकती है। इनमें 815 सीटें राज्यों और 35 सीटें केंद्रशासित प्रदेशों के हिस्से में होंगी।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, विधेयक में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को आवंटित लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। इसके साथ ही राज्यों की विधानसभाओं की कुल सीटें भी 50 प्रतिशत बढ़ाने की बात कही गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई, जिसमें इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
इससे एक दिन पहले लोकसभा सचिवालय ने जानकारी दी थी कि संसद का चार दिवसीय सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा और 3 दिसंबर तक चल सकता है। हालांकि, आवश्यकता पड़ने पर सत्र की अवधि में बदलाव भी किया जा सकता है।
अप्रैल 2026 में विपक्ष के विरोध से अटक गया था विधेयक:
महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने की सरकार की इस पहल को अप्रैल 2026 में बड़ा झटका लगा था। उस समय विपक्ष के विरोध के चलते विधेयक आगे नहीं बढ़ सका था। विपक्ष की मुख्य आपत्ति यह थी कि सरकार ने सार्वजनिक तौर पर सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी का भरोसा दिया था, लेकिन विधेयक के प्रावधानों में इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया था।सरकार ने उस समय आश्वासन दिया था कि परिसीमन के बाद सभी राज्यों की सीटों में एक समान अनुपात से वृद्धि की जाएगी।
हालांकि, तीनों विधेयकों के मसौदे में न तो इस अनुपात को स्पष्ट रूप से तय किया गया था और न ही राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने का कोई स्पष्ट प्रावधान था। विपक्षी दलों का कहना था कि वे महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन परिसीमन से जुड़े विधेयक का समर्थन नहीं करते। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया था कि सरकार सदन में कुछ और आश्वासन दे रही है, जबकि विधेयकों में उन बातों को कानूनी रूप से शामिल नहीं किया गया है। वहीं, सत्ता पक्ष ने विपक्ष के विरोध को महिला सशक्तीकरण के खिलाफ बताते हुए उसकी आलोचना की थी।
इस बार सरकार के सामने क्या होगी सबसे बड़ी चुनौती?
इस विधेयक को संसद से पारित कराना सरकार के लिए इस बार भी आसान नहीं होगा। NDA के पास अपने दम पर संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं है। ऐसे में सरकार को तटस्थ दलों और अभी तक अपना रुख स्पष्ट नहीं करने वाले सांसदों का समर्थन जुटाना होगा।
संविधान संशोधन विधेयक के लिए जरूरी समर्थन हासिल करना सरकार की सबसे बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में सदन में प्रत्येक सांसद का वोट अहम साबित हो सकता है। यहां तक कि मतदान के दौरान किसी सदस्य की गैरहाजिरी भी विधेयक के भविष्य को प्रभावित कर सकती है।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)


















































