प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो संदेश के जरिए महिला आरक्षण को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली राजनीतिक पार्टियां संसद और विधानसभाओं में नारी शक्ति की भागीदारी बढ़ाने की राह में बाधा नहीं बन पाएंगी।
पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं को उनका उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई कई दशकों से जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर रुकावट हटाएंगे:
अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को राजनीतिक भागीदारी दिलाने का संघर्ष दशकों पुराना है और वह खुद भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाएं उनसे इस मुद्दे को उठाती रही हैं और कई बहनों ने पत्र लिखकर अपनी भावनाएं भी व्यक्त की हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है।
बस वक्त का इंतजार है, हमारा इरादा अडिग है:
प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को हटाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा अडिग है। महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी हासिल करने से नहीं रोक पाएंगी। पीएम मोदी ने अपने संदेश में दोहराया कि अब बस सही वक्त का इंतजार है।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)


















































