Photo Credit-PTI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को एक बार फिर चर्चा में रहे। उन्होंने INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ निर्वाचन सदन जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में पुलिस ने मार्च को रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी अपने समर्थकों के साथ निर्वाचन सदन के बगल में स्थित आकाशवाणी भवन में प्रवेश कर गए। राहुल गांधी करीब 8 घंटे तक आकाशवाणी भवन के अंदर रहे। इस दौरान उनके साथ उनकी बहन और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।
अब दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, उनके समर्थकों और साथ मौजूद अन्य सांसदों के बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है।
बताया गया कि INDIA गठबंधन के मार्च को पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद राहुल गांधी अपने समर्थकों के साथ आकाशवाणी भवन में चले गए थे। वहां उन्होंने आठ घंटे से अधिक समय तक धरना दिया।बाद में पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत वहां मौजूद सभी लोगों को हिरासत में लेकर वहां से हटाया। इसके बाद उन्हें किंग्सवे कैंप ले जाया गया, जहां से बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
News by: Prafulla Shukla (Journalist)

















































