बृजमनगंज (महाराजगंज) | महाराजगंज जनपद के बृजमनगंज के लिए यह बड़ी गर्व की खबर है। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के अध्यक्ष राकेश जायसवाल के भांजे आशीतेष जायसवाल ने स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का मान बढ़ाया है।आशीतेष जायसवाल मुंबई की प्रतिष्ठित स्पेस टेक कंपनी Manastu Space Technologies Private Limited से जुड़े हैं और कंपनी में सह-डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

कंपनी सैटेलाइट से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीक, इंजन और फ्यूल के क्षेत्र में काम कर रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि आशीतेष की कंपनी द्वारा विकसित की जा रही तकनीक अंतरिक्ष क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर रही है। उनके अनुसार, कंपनी की ओर से तैयार किए गए इंजन और फ्यूल की लागत दुनिया की अन्य बड़ी कंपनियों की तुलना में करीब 10 गुना कम बताई जा रही है।

उन्होंने कहा कि कंपनी की इस तकनीक पर देश की प्रमुख संस्थाओं DRDO और ISRO ने भी भरोसा जताया है और कंपनी को ऑर्डर मिले हैं। यह उपलब्धि भारतीय अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है। राकेश जायसवाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके भांजे आशीतेष ने जिस मुकाम को हासिल किया है, वह पूरे बृजमनगंज और महाराजगंज के लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने बताया कि जून माह में आशीतेष जायसवाल को भारत योगेस्ट कार्यक्रम के तहत फ्रांस जाने का अवसर मिला। वहीं, उनकी कंपनी Manastu Space Private Limited को आगे बढ़ाने के लिए 116 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है। इस उपलब्धि पर नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि देश में युवा वैज्ञानिकों और स्टार्टअप्स को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
आशीतेष जायसवाल की सफलता की खबर से बृजमनगंज में खुशी का माहौल है। नगरवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र का एक युवा आज अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की है।






